जन भारत TV, पटना,कुणाल शाण्डिल्य,
बिहार का राजनीतिक माहौल तब गर्म हो गया जब बीते बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार की खामियों को एक-एक कर सदन के सामने रखना शुरू कर दिया। इसी क्रम में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का नाम लेते हुए कहा कि कुछ वर्षों पहले तक संघ के द्वारा तिरंगा भी नहीं फहराया जाता था। साथ ही उन्होंने संघ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश की आजादी में हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सभी का योगदान रहा है लेकिन सिर्फ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का योगदान नहीं रहा। तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि लालकृष्ण आडवाणी को इसी बिहार में गिरफ्तार किया गया था। इस पर उन्हें विजय कुमार सिन्हा ने तुरंत टोकते हुए कहा कि जो व्यक्ति या संस्था इस सदन में उपस्थित नहीं है, उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं।
हालांकि तब तक भारतीय जनता पार्टी के अन्य विधायक तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद ने तुरंत तेजस्वी यादव की टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक राष्ट्रवादी संगठन है। उन्होंने कहा की देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति से लेकर देश के प्रधानमंत्री सब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य हैं और हम सबको संघ का स्वयंसेवक होने पर बेहद गर्व है। अंत में तेज प्रताप यादव भी खड़े होकर काफी गुस्से में विरोध कर रहे बीजेपी के विधायकों पर भड़क गए। हालांकि बात इतनी बढ़ चुकी थी कि अंत में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को सदन 15 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
Discover more from Jan Bharat TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.